प्रेस नोट

प्रेस नोट

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खल्लारी में जीवनदीप समिति की बैठक संपन्न

खल्लारी, दिनांक 12 मई 2026

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खल्लारी में आज जीवनदीप समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष माननीय केशव चन्द्राकर जी द्वारा की गई। बैठक में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खल्लारी के साथ-साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खम्हारिया एवं जुनवानी की जीवनदीप समिति की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें तीनों स्वास्थ्य केन्द्रों के प्रभारी, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध सुविधाओं, मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई व्यवस्था, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं तथा शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी संचालन पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक के दौरान अस्पतालों में बायोमेडिकल वेस्ट (BMW) प्रबंधन को निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिए गए। अस्पताल से निकलने वाले जैव अवशिष्ट एवं चिकित्सकीय कचरे जैसे रक्त-सोखे पदार्थ, सुइयाँ, ऊतक आदि का सुरक्षित, रंग-कोडित पृथक्करण, संग्रह, परिवहन एवं नियमानुसार निपटान करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही वाटर स्टोरेज टैंक की प्रतिमाह नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने एवं अगली सफाई की तिथि टंकी पर अंकित करने हेतु निर्देशित किया गया। मरीजों एवं आमजनों के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु अस्पताल में वाटर कूलर एवं वाटर फिल्टर लगाए जाने पर भी चर्चा की गई।

गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में ORT कॉर्नर को व्यवस्थित एवं सक्रिय रूप से संचालित करने तथा मरीजों के लिए शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सभी कर्मचारियों को समय पर उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने एवं मरीजों के प्रति विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश दिए गए। शिकायत एवं सुझाव पेटी को प्रत्येक माह 15 दिवस में खोलकर नियमानुसार रिकॉर्ड संधारित करने हेतु भी कहा गया।

साथ ही AG-3/PADA से संबंधित सभी रिपोर्टिंग एवं NextGen कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। अध्यक्ष महोदय द्वारा अस्पताल एवं मरीजों की आवश्यकता एवं उपयोगिता के अनुसार आवश्यक सामग्री क्रय करने हेतु अनुमोदन प्रदान किया गया।

बैठक में सभी वार्डों में हाउसकीपिंग व्यवस्था, बेडशीट एवं अन्य सामग्रियों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खल्लारी में पेयजल की समस्या के संबंध में अध्यक्ष महोदय को अवगत कराया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि अस्पताल परिसर में चारों ओर अहाता (बाउंड्रीवाल) नहीं होने के कारण लगातार जंगली भालुओं का अस्पताल परिसर में प्रवेश हो रहा है, जिससे मरीजों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को खतरा बना रहता है। अतः अस्पताल परिसर में शीघ्र अहाता निर्माण कराया जाना अति आवश्यक बताया गया।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि स्वास्थ्य केन्द्र में पेयजल व्यवस्था समुचित रूप से उपलब्ध नहीं है, जिससे मरीजों एवं कर्मचारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही करने का आग्रह अध्यक्ष महोदय से किया गया।

माननीय केशव चन्द्राकर जी ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक पहल एवं कार्यवाही करने के निर्देश दिए तथा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर एवं सुरक्षित बनाने हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

बैठक में माननीय जनपद अध्यक्ष के साथ विधायक प्रतिनिधि खेमराज सिन्हा, जनपद सदस्य बलराम ध्रुव, गणेश चन्द्राकर, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ समाजसेवी मनहरन गुप्ता, जनप्रतिनिधि रामलाल सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में विद्युत विभाग से जे.ई. प्रशांत तिवारी तथा स्वास्थ्य विभाग से डॉ. दिलीप सतपथी, डॉ. बी. एल. मिश्रा, डॉ. संजय दवे, डॉ. गेवेंद्र नौरंगे, डॉ. आराधना मिश्रा, शेखर साहू, टाकेश्वर सिन्हा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितकारी बनाने हेतु सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *